देवघर:
सावन की पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ा।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर लगातार मेला क्षेत्र और कांवरिया पथ का निरीक्षण कर रहे हैं। पुलिस, प्रशासन और स्वयंसेवकों की टीम पूरे मेला क्षेत्र में निगरानी रख रहे है, ताकि श्रद्धालुओं का जलार्पण सुरक्षित और सुगमता से संपन्न हो सके।
सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल लेकर 108 किलोमीटर की कठिन पदयात्रा पूरी करने के बाद लाखों कांवरिये बाबा बैद्यनाथ के दरबार में जलार्पण के लिए पहुंच रहे हैं। देर रात से ही श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई, जो सुबह तक मंदिर से करीब पांच किलोमीटर दूर नंदन पहाड़ तक पहुंच गई।
कांवरियों की कतार नंदन पहाड़, बरमसिया बी.एड. कॉलेज, तिवारी चौक, शिवराम झा चौक, नेहरू पार्क, मानसरोवर क्यू कॉम्प्लेक्स और फुटओवर ब्रिज होते हुए संस्कार भवन के रास्ते मंदिर के गर्भगृह के बाहर बने अरघा तक पहुंच रही है, जहां श्रद्धालु विधिवत जलार्पण कर रहे हैं।
वहीं, बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर के बाहर बाह्य अरघा की भी व्यवस्था की गई है, ताकि लंबी कतार में खड़े हुए बिना भी श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक कर सकें।
पहली सोमवारी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर लगातार मेला क्षेत्र और कांवरिया पथ का निरीक्षण कर रहे हैं। पुलिस, प्रशासन और स्वयंसेवकों की टीम पूरे मेला क्षेत्र में निगरानी रख रही है, ताकि श्रद्धालुओं का जलार्पण सुरक्षित और सुगमता से संपन्न हो सके।