सेवा संकल्प अभियान के तहत एमडीसी में लगा सेवा सेतु शिविर, 102 लाभार्थियों का सफल पंजीकरण
सेवा सेतु अभियान शिविर में विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल नागरिकों को मिली योजनाओं की जानकारी
सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता
पंचकूलाए 21 सितंबर : उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के तहत सामुदायिक केंद्र एमडीसी पंचकूला में आज सेवा सेतु अभियान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल स्थापित कर नागरिकों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों से मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
पंचकूला जिले के सभी खंडों, नगर निगम तथा नगर परिषद क्षेत्रों में 21 सितंबर 2026 से 13 अक्टूबर 2026 तक सेवा सेतु अभियान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ त्वरितए पारदर्शी एवं सुगम तरीके से पहुंचाना है।
एसडीएम पंचकूला श्रीमती मन्नत राणा तथा डीएमसी श्री अभय सिंह ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ प्रदान करना सुनिश्चित करें।
शिविर के दौरान वैध फैमिली आईडी वाले पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया तथा सेवा सेतु पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई की गई। शिविर में कुल 115 लाभार्थियों तक पहुंच बनाते हुए उनके आवेदनों पर कार्रवाई की गई जबकि 102 लाभार्थियों का सेवा सेतु पोर्टल पर सफलतापूर्वक पंजीकरण किया गया।
सामुदायिक केंद्रए एमडीसी पंचकूला में आयोजित शिविर में नगर निगमए स्वास्थ्य विभाग, सिविल सर्जन कार्यालय, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम ;एमएसएमई, हरियाणा महिला विकास निगम, हरियाणा अनुसूचित जातियां वित्तीय एवं विकास निगम, हरियाणा पिछड़े वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग कल्याण निगम, उद्यान विभाग, जिला रोजगार कार्यालय, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय, जिला मत्स्य अधिकारी कार्यालय, जिला कल्याण विभाग, अग्रणी बैंक पंजाब नेशनल बैंक, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण विकास विभाग, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी तथा जिला बाल कल्याण विभाग द्वारा स्टॉल लगाए गए।
इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को संबंधित विभागों की योजनाओंए पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मौके पर ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
सेवा सेतु अभियान शिविरों के माध्यम से जिला प्रशासन का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे और उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इसी क्रम में कल 22 सितंबर मंगलवार को सामुदायिक केंद्र सैक्टर -17 पंचकूला में सेवा सेतु अभियान शिविर का आयोजन किया जायेगा।
Panchkula, Panchkula | Sep 21, 2026