#भरतपुर। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने अपनी विधायक निधि से डीग जिला पुलिस को 6 नए वाहन प्रदान किए हैं। भरतपुर रोड स्थित पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने फीता काटकर इन वाहनों का शुभारंभ किया और थाना अधिकारियों को चाबियां सौंपीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस के पास पर्याप्त संसाधन होना आवश्यक है और इन नए वाहनों से पुलिस की गश्त व त्वरित कार्रवाई की क्षमता और मजबूत होगी। खुद को 'पुलिस परिवार का सदस्य' बताते हुए मंत्री ने पुलिसकर्मियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए और मैदान में टीनशेड निर्माण की घोषणा की। कार्यक्रम में उन्होंने डीग एसपी शरण गोपीनाथ कांबले के कार्यकाल में अपराधों में आई कमी की खुलकर सराहना की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश शर्मा, सीओ सीताराम बैरवा सहित जिले के अनेक पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।