छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर (सरगुजा) में जयस्तंभ चौक के पास दुर्गा पूजा पंडाल आयोजकों की भारी लापरवाही से हुए दर्दनाक हादसे का रूह कंपा देने वाला CCTV फुटेज सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जागृति समिति मंडल द्वारा बिना किसी सुरक्षा संकेतक या रिफ्लेक्टर के सड़क पर जीआई तार और चालू बिजली के तार बांधे गए थे। अंधेरे में बाइक सवार युवक फैजान का गला सीधे इन तारों में उलझ गया और तेज करंट की चपेट में आने से वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर अम्बिकापुर कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पंडाल आयोजक सुरेश कन्नौजिया और संदीप अग्रवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 126(2) और 3(5) के तहत गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सार्वजनिक मार्गों पर इस तरह की घोर प्रशासनिक व संगठनात्मक लापरवाही ने एक बार फिर त्योहारों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
#Ambikapur #CCTVFootage #AccidentNews #ChhattisgarhNews #Surguja #CrimeUpdate #PublicSafety #BreakingNews #FatafatNews