ऋषिकेश।उफनती बीन नदी में मैक्स वाहन पलटने पर दो व्यक्तियों को एसडीआरएफ ने रात के अंधेरे में रेस्क्यू कर सुरक्षित बचा लिया।
देर रात पौड़ी जिले के यमकेश्वर विधानसभा में थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्रांतर्गत पशुलोक बैराज पुलिस चौकी को सूचना मिली कि बीन नदी में एक मैक्स वाहन नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर अनियंत्रित होकर पलट गया है जिसमें दो व्यक्ति फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही पोस्ट ढालवाला से अपर उपनिरीक्षक महावीर चौहान के साथ एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम महज कुछ ही समय में घटनास्थल पहुंच गई।
घटनास्थल पर पहुंचते ही SDRF के जवानों ने स्थानीय पुलिस के साथ मिकलर अंधेरी रात में उफनती बीन नदी और तेज बहाव के बीच बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने वाहन में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसी दौरान तेज बहाव के कारण वाहन नदी में कुछ दूरी तक बह गया और दूसरा व्यक्ति वाहन के अंदर ही फंसा रहा। बढ़े हुए जलस्तर और विकराल बहाव के बीच चुनौती के बाद भी SDRF जवानों ने हिम्मत नहीं हारी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में SDRF की दूसरी टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। दोनों टीमों ने आपसी समन्वय, साहस और कुशल रेस्क्यू तकनीक का परिचय देते हुए अभियान को आगे बढ़ाया और अथक प्रयासों के बाद वाहन में फंसे दूसरे व्यक्ति को भी सकुशल बाहर निकाल लिया।
दोनों रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेज दिया गया। जिनकी पहचान सुखदेव सिंह उम्र 25वर्ष पुत्र महिपाल सिंह उम्र और नरेश रावत उम्र 24वर्ष पुत्र धन सिंह निवासी ग्राम धुरघुडी बिंदूवासनी थाना यमकेश्वर पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई।