समर कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों में भाषाई दक्षता, रचनात्मक सोच तथा भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है : कौशिक
.......भारतीय भाषा समर कैंप में कला एवं संस्कृति पर केंद्रित रहीं गतिविधियां
.....बोलिया एवं भाषाओं की विविधता की जानकारी दी
भिवानी शिक्षा विभाग हरियाणा के निर्देशानुसार एवं प्रधानाचार्य वंदना महता के मार्गदर्शन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तिगड़ाना में भारतीय भाषा समर कैंप का आयोजन कला एवं संस्कृति विषय को समर्पित रहा। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से डाइट से उपस्थित रही मोनिका कौशिक एवं विद्यालय की प्रधानाचार्य वंदना महता ने बताया कि भारतीय भाषा समर कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों में भाषाई दक्षता, रचनात्मक सोच तथा भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है। हिन्दी अध्यापिका
श्रीमती अनीता देवी,बैंकिंग एंड फाइनेंस विभाग की अध्यापिका मीनाक्षी वधवा
ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कैंप के दौरान गीत एवं कविता पाठ, चित्रकला प्रतियोगिता, कहानी वाचन तथा लोक नृत्य जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत लोकगीतों, कविताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का मन मोह लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया। वहीं कहानी वाचन गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने नैतिक मूल्यों और प्रेरणादायक प्रसंगों को साझा किया। लोक नृत्य कार्यक्रम में हरियाणवी संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में बैंकिंग एंड फाइनेंस विभाग की अध्यापिका मीनाक्षी वधवा, सुशीला देवी, श्रीमती अनीता देवी, श्रीमती वीणा मदान, अजीत सिंह, बलदेव प्रकाश, साक्षी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।