मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण माहौल में आयोजन को लेकर मुख्य सचिव ने की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित।
बिहार मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से राज्य के सभी जिला पदाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुहर्रम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, शांति एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने, जुलूसों के शांतिपूर्ण संचालन, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, स्वच्छता व्यवस्था तथा आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही सभी जिलों को पर्व के अवसर पर सतर्कता बरतते हुए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में औरंगाबाद जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक यातायात मनोज कुमार,सदर एसडीपीओ 01 सुशील कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्देश दिया गया कि मुहर्रम जुलूस निर्धारित मार्ग एवं निर्धारित समय के अनुसार ही निकाले जाएं। सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए तथा सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर फैलने वाली अफवाहों पर लगातार नजर रखी जाए। साथ ही स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, पेयजल एवं नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था को सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक के उपरांत मुख्य सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों के आलोक में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा संबंधित सभी पदाधिकारियों को आवश्यक तैयारी समय से पूर्ण करने, अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से सुनिश्चित करने तथा किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
औरंगाबाद जिला प्रशासन द्वारा आमजन से मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।