#बालाघाट
जल जीवन मिशन 2.0 के तहत पांच गांवों की शालाओं में कहानी लेखन प्रतियोगिता आयोजित
विद्यार्थियों ने कहानियों के माध्यम से दिया जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल और स्वच्छता का संदेश
जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत स्कूली विद्यार्थियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग द्वारा 20 नवंबर को जिले के लांजी, किरनापुर एवं कटंगी विकासखंड की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में कहानी लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यपालन यंत्री श्री बी.एल. उइके के मार्गदर्शन में ग्राम खांडाफरी, थानेगांव, देवगांव, अगासी एवं बनेरा के शासकीय माध्यमिक विद्यालयों, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को जल जीवन मिशन की अवधारणा से जोड़ने के साथ उनके माध्यम से परिवारों और ग्रामीण समुदायों तक सुरक्षित पेयजल, जल संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश पहुंचाना है। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने नल से जल मिलने के कारण ग्रामीण परिवारों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव, सुरक्षित पेयजल का महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रभाव, जल स्रोतों का संरक्षण तथा पानी की गुणवत्ता के महत्व जैसे विषयों पर रोचक एवं संदेशपरक कहानियां लिखीं।
इसके अलावा पेयजल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, ग्रामीण जल आपूर्ति व्यवस्था में सामुदायिक सहभागिता एवं स्वामित्व की भावना विकसित करने, बच्चों और युवाओं की पेयजल राजदूत के रूप में भूमिका तथा गांवों में जल संरक्षण से जुड़े नवाचारों को भी अपनी कहानियों में स्थान दिया। विद्यार्थियों ने सुजल ग्राम की परिकल्पना को साकार करने के लिए अपने विचार रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किए।
शासकीय माध्यमिक शाला देवगांव में प्रतियोगिता के आयोजन में जागेश्वरी नागवंशी, बेनीराम वाघे एवं नूतन रहांगडाले सहित अतिथि शिक्षकों का सहयोग रहा। वहीं शासकीय हाईस्कूल देवगांव में दीपिका माहुले, दुर्गाप्रसाद शेंडे, मीनाक्षी वरडे एवं राहुल रामटेके का सहयोग प्राप्त हुआ। नई रोशनी संस्था के आईएसए फील्ड कोऑर्डिनेटर भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के ब्लॉक समन्वयक ओमप्रकाश शिवनकर, श्रुति गजभिये एवं मोहिनी पटले सहित संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चे सामाजिक बदलाव के सशक्त माध्यम हैं। जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कहानी लेखन से बच्चों में रचनात्मकता और लेखन कौशल का विकास होने के साथ वे अपने परिवार एवं गांव के लोगों को भी पानी बचाने और पेयजल स्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करेंगे। प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट लेखन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों में जल संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और सामुदायिक सहभागिता की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
#cmmadhyprdesh #JansamparkMP #schooledump #minphemp
Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 20, 2026