मेडिकल कॉलेज में MBBS-नर्सिंग छात्रों का विवाद सुलझा, छात्रों ने मिलाया हाथ
उरई (जालौन)। राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में MBBS और BSc नर्सिंग छात्रों के बीच तीन दिन से चल रहा विवाद गुरुवार देर शाम शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन की पांच सदस्यीय टीम के साथ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के छात्रों के बीच मध्यस्थता कराई। बैठक में दोनों पक्षों ने अपनी बात रखी। बातचीत के बाद छात्रों ने आपसी मतभेद समाप्त करते हुए एक-दूसरे से हाथ मिलाया और भविष्य में कॉलेज परिसर में अनुशासन एवं सौहार्द बनाए रखने पर सहमति जताई।
दरअसल, मंगलवार को MBBS और BSc नर्सिंग छात्रों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई थी। इसके विरोध में नर्सिंग छात्रों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया था। बुधवार को करीब 300 नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने मेडिकल कॉलेज के बाहर प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य अरविंद त्रिवेदी ने पांच सदस्यीय टीम गठित की। टीम ने दोनों पक्षों के छात्रों से अलग-अलग बातचीत कर विवाद की जानकारी ली। इसके बाद आमने-सामने बातचीत कराकर मामले का समाधान कराया गया।
मध्यस्थता के दौरान छात्रों से आपसी सम्मान, संयम और अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का शैक्षणिक वातावरण किसी भी विवाद के कारण प्रभावित नहीं होना चाहिए। इस दौरान निरीक्षक पप्पू सिंह की मध्यस्थता और छात्रों को समझाने में निभाई गई भूमिका की भी सराहना की गई। विवाद समाप्त होने के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थिति सामान्य हो गई और छात्रों ने पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न होने देने का भरोसा दिया।
Orai, Jalaun | Sep 25, 2026