मलेरिया निरोधक माहः ‘‘बचाव ही सबसे बड़ा उपचार है‘‘ संदेश के साथ प्रचार रथ रवाना
आगर-मालवा, 4 जून। शासन के निर्देशानुसार जून माह को मलेरिया निरोधक माह के रूप में मनाया जा रहा है। माह के दौरान नागरिकों को मलेरिया, डेंगू एवं चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उद्देश्य से विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन होगा। इसी क्रम में गुरूवार को ‘‘बचाव ही सबसे बड़ा उपचार है’’ संदेश के साथ प्रचार रथ जिले में भ्रमण के लिये रवाना हुआ।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय परिसर से मलेरिया प्रचार रथ को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश देहलवार एवं श्री धन्नालाल मालवीय द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह प्रचार रथ जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर वर्षाकाल में फैलने वाली जलजनित एवं मच्छरजनित बीमारियों से बचाव संबंधी संदेश आमजन तक पहुंचाएगा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि मलेरिया एवं डेंगू जैसी बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतें। बुखार आने पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें तथा तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर निःशुल्क रक्त जांच एवं उपचार प्राप्त करें।
मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपाय
मच्छतजनित बीमारियों से बचने के लिये सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें तथा घरों की खिड़कियों और दरवाजों पर मच्छररोधी जालियां लगवाएं। मच्छरों के प्रकोप से बचने के लिए पूर्ण बांह के कपड़े पहनें तथा घरों में नीम की पत्तियों का धुआं करें।घरों में रखे कूलर, पानी की टंकियों एवं अन्य जल संग्रहण पात्रों की सप्ताह में कम से कम एक बार सफाई कर उन्हें सुखाने के बाद ही पुनः पानी भरें। घर की छतों एवं आसपास रखे पुराने टायर, ट्यूब, टूटे-फूटे बर्तन एवं अन्य अनुपयोगी वस्तुओं में पानी जमा न होने दें, जिससे डेंगू मच्छरों के लार्वा का विकास रोका जा सके। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------------------------------------------------------------
जनसंपर्क विभाग, आगर-मालवा के आधिकारिक WhatsApp चैनल से जुड़ें
लिंक –
https://whatsapp.com/channel/0029VbCvchc8F2pLxZIRIg34
Agar Malwa, Madhya Pradesh | Jun 4, 2026