#पुलिस अधीक्षक द्वारा 02 इण्टरसेप्टर दो पहिया वाहन को हरी झण्डी दिखाकर किया गया रवाना
#बलिया
मा0 मुख्यमंत्री उ0प्र0 के निर्देशानुसार प्रदेश में यातायात व्यवस्था के आधुनिकीकरण एवं उ0प्र0 सड़क सुरक्षा योजना के तहत पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 के अनुमोदन के पश्चात यातायात निदेशालय द्वारा प्रदेश के जनपदों को आधुनिक उपकरणों से युक्त इण्टरसेप्टर वाहनों का आवंटन किया गया है। प्रदेश के 25 जनपदों को 02-02 इण्टरसेप्टर चार पहिया वाहन एवं 31 जनपदों को 02-02 इण्टरसेप्टर दो पहिया वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।
इसी क्रम में जनपद बलिया को आवंटित _02 इण्टरसेप्टर दो पहिया वाहन_ को आज दिनांक- 04.08.2026 को पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय बलिया से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। आधुनिक सुविधाओं से युक्त ये वाहन जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करेंगे तथा लापरवाही से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में सहायक सिद्ध होंगे।
_इण्टरसेप्टर वाहन का उपयोग_
1. ओवरस्पीडिंग की रोकथाम/प्रवर्तन कार्यवाही
2. यातायात उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्यवाही
3. मादक द्रव्यों का सेवन कर वाहन चलाने वालों पर प्रभावी अंकुश
4. रैश ड्राइविंग व स्टंटबाजी पर अंकुश
5. ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम
6. जाम की सूचना पर त्वरित पहुंचकर जाम हटाना व यातायात सुगम करना
7. मा0 प्रधानमंत्री, मा0 राष्ट्रपति, मा0 मुख्यमंत्री उ0प्र0 व मा0 राज्यपाल उ0प्र0 की फ्लीट हेतु
उक्त इण्टरसेप्टर वाहन स्पीड लेजर गन, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, नाइट विजन कैमरा, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR), वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, ब्रेथ एनालाइज़र, अल्कोहल मीटर, लाल-नीली चेतावनी बत्ती एवं हूटर सहित अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित हैं। इन तकनीकों के माध्यम से यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी निगरानी एवं त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
इन वाहनों का उपयोग जनपद के प्रमुख मार्गों, नगर क्षेत्र तथा संवेदनशील स्थानों पर ओवरस्पीडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव, रैश एवं स्टंट ड्राइविंग, ध्वनि प्रदूषण, प्रदूषणकारी वाहनों तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रवर्तन हेतु किया जाएगा। साथ ही _Zero Fatality District (ZFD)_ अभियान के अंतर्गत दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल, क्षेत्राधिकारी लाइन/ट्रैफिक मंजरी राव, पुलिस अधीक्षक पीआरओ निरीक्षक चन्द्रभास्कर द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक ट्रैफिक अनवर अली सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।