ट्रक की टक्कर से घायल भैंस की इलाज के अभाव में मौत, किसान ने ट्रक मालिक पर कार्रवाई की मांग
चित्रकूट। पहाड़ी कस्बे के नांदी रोड पर ट्रक की टक्कर से घायल हुई किसान की भैंस की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में किसान भी बाल-बाल बच गया। ट्रक ने बिजली के खंभे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।
जानकारी के अनुसार ग्राम पहाड़ी निवासी किसान सीताराम कुशवाहा नांदी रोड पर भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी भैंस को टक्कर मार दी। हादसे में भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि किसान भी ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बचा।
किसान का कहना है कि हादसे के बाद भैंस के इलाज के लिए 15 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक उन्हें कोई राशि नहीं मिली। घायल अवस्था में ही घटना की सूचना पहाड़ी थाना पुलिस को दी गई थी।
अब भैंस की मौत के बाद किसान ने दोबारा थाना पहाड़ी में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। किसान सीताराम कुशवाहा ने मांग की है कि ट्रक मालिक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए, दोषी को गिरफ्तार किया जाए और मृत भैंस का उचित मुआवजा दिलाया जाए।
किसान ने प्रशासन और पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई की गुहार लगाई है।