सीकर में सर्किट हाउस के सामने भीषण आग, दो ई-व्हीकल शोरूम जलकर खाक
सीकर में सर्किट हाउस के सामने शनिवार सुबह बीएस ऑटोमोबाइल और बच्चन मोटर्स के ई-व्हीकल शोरूम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और शोरूम में खड़े बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक वाहन जलकर खाक हो गए।
आग की चपेट में पास स्थित हुंडई शोरूम भी आ गया, जहां लाखों रुपये का सामान जलने की जानकारी सामने आई है। वहीं आग PIAGGIO शोरूम तक भी पहुंची, हालांकि बड़ा नुकसान होने से टल गया।
करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दमकल की टीमों ने आग पर काबू पाया। दोनों ई-व्हीकल शोरूम में शुरुआती तौर पर 3 करोड़ रुपये से ज्यादा के नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है।
आग लगने के कारणों को लेकर शॉर्ट सर्किट या किसी ई-व्हीकल में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बिजली सप्लाई कटवाई और सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के एक तरफ का ट्रैफिक भी रुकवाया।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
#SikarSandesh #Sikar #RajasthanNews
Sikar, Sikar | Aug 29, 2026