➡️ “जल्द से जल्द प्रारंभ हो दादाधाम एक्सप्रेस : केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके”
➡️ "नागपुर भुसावल मंडल के रेलवे अधिकारियों तथा मुंबई सेंट्रल रेलवे के महाप्रबंधक के साथ केंद्रीय मंत्री श्री दुर्गादास उइके ने की महत्वपूर्ण बैठक, बैतूल संसदीय क्षेत्र में ट्रेन स्टॉपेज, नई रेल सेवाओं और लंबित कार्यों को लेकर अधिकारियों से मांगा जवाब"
बैतूल संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार, यात्री ट्रेनों के स्टॉपेज, नई रेल सेवाओं के संचालन तथा लंबित रेलवे परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से भारत सरकार के जनजातीय कार्य विभाग के केंद्रीय राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद श्री दुर्गादास उइके ने आज नागपुर मंडल के रेलवे अधिकारियों तथा सेंट्रल रेल के महाप्रबंधक तथा नागपुर एवं भुसावल रेल मंडल क्षेत्र के सांसद गणों के साथ महत्वपूर्ण बैठक में सहभागिता की।
बैठक में केंद्रीय मंत्री श्री उइके ने कहा कि बैतूल संसदीय क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, जनजातीय बहुल आबादी, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, मरीजों तथा आम यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव और नई रेल सेवाओं से जुड़े प्रस्तावों पर रेलवे अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।
बैठक में दादाधाम एक्सप्रेस को पुनः प्रारंभ करने का मुद्दा केंद्रीय मंत्री एवं समस्त सांसदों द्वारा सबसे प्रमुखता से उठाया गया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोविड काल में बंद हुई नागपुर–भुसावल दादाधाम एक्सप्रेस को क्षेत्र की जनता की आवश्यकता को देखते हुए जल्द से जल्द पुनः प्रारंभ किया जाना चाहिए। इस संबंध में रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी अधिकारियों द्वारा दी गई तथा अधिकारियों ने बताया कि रेलवे बोर्ड से जल्द ही हरी झंडी मिलने की उम्मीद है और दादाधाम एक्सप्रेस का पुनः परिचालन प्रारंभ होगा।
श्री उइके ने कहा कि इस ट्रेन के पुनः संचालन से बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों से इस प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने को कहा।
➡️ आमला में ट्रेन स्टॉपेज के साथ रोजगार के अवसरों पर जोर
आमला जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त ट्रेनों के स्टॉपेज का मुद्दा बैठक में प्रमुखता से रखा गया। विशेष रूप से सुबह 7:40 बजे से दोपहर 2 बजे तक नागपुर दिशा में पर्याप्त ट्रेन सुविधा नहीं होने को देखते हुए 12968, 12970, 12976 और 20814 ट्रेनों को छह माह के ट्रायल बेस पर आमला में ठहराव देने का प्रस्ताव रखा गया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ट्रायल स्टॉपेज के दौरान यात्री संख्या और रेलवे राजस्व का आकलन कर इसे स्थायी स्टॉपेज में बदलने की दिशा में निर्णय लिया जा सकता है। इसी प्रकार शाम के समय नागपुर दिशा में ट्रेन सुविधा बढ़ाने के लिए भी कई ट्रेनों के अस्थायी स्टॉपेज का प्रस्ताव रखा गया।
बैठक में श्री उइके ने आमला में रेलवे की रिक्त पड़ी भूमि के बेहतर उपयोग का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि रेलवे की खाली जमीन पर जल्द से जल्द रेल कारखाना अथवा रोजगार की दृष्टि से रेलवे विभाग का कोई उद्यम/स्थापना विकसित किया जाना चाहिए, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हों और क्षेत्र के युवाओं को लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि रेलवे की भूमि केवल खाली पड़ी रहने के बजाय उसका उपयोग क्षेत्र के विकास और रोजगार सृजन के लिए किया जाना चाहिए।
➡️ बैतूल स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग
बैठक में बैतूल रेलवे स्टेशन पर बीकानेर–बिलासपुर, हिमसागर, नवयुग, अमृत भारत, बनारस–रामेश्वरम सहित प्रमुख ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव की मांग रखी गई।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बैतूल संसदीय क्षेत्र जनजातीय बहुल और दूरस्थ क्षेत्रों वाला क्षेत्र है। ऐसे में केवल टिकट बिक्री के आंकड़ों को आधार बनाकर ट्रेन स्टॉपेज तय करना उचित नहीं है। यात्रियों की सामाजिक-आर्थिक जरूरतों, चिकित्सा, शिक्षा, रोजगार और व्यापारिक आवागमन को भी निर्णय का आधार बनाया जाना चाहिए।
इसके साथ ही बैतूल स्टेशन पर आवश्यक टर्मिनल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर भविष्य में आमला से प्रारंभ अथवा समाप्त होने वाली MEMU ट्रेनों को बैतूल तक लाने की संभावना पर भी चर्चा हुई।
➡️ सदर और रामनगर अंडरब्रिज के कार्य को गति देने के निर्देश
बैतूल शहर में यातायात और नागरिक सुविधा से जुड़े सदर तथा रामनगर की ओर माचना अंडरब्रिज के मुद्दे को भी केंद्रीय मंत्री ने गंभीरता से उठाया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्वीकृत प्रक्रिया को जल्द पूरा कर टेंडर एवं आगे की आवश्यक कार्रवाई में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में इन अंडरब्रिज से संबंधित कार्यों की वर्तमान स्थिति और आगे की समयसीमा पर भी चर्चा की गई।
➡️ अमृत भारत स्टेशनों के निर्माण में देरी पर अधिकारियों को फटकार
बैठक में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बैतूल जिले में चल रहे रेलवे स्टेशन विकास कार्यों को लेकर केंद्रीय मंत्री श्री उइके ने अधिकारियों के समक्ष कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जिन स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है, वहां यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए, लेकिन निर्माण कार्यों की धीमी गति स्वीकार्य नहीं है। बैठक में बैतूल जिले के चार अमृत भारत स्टेशनों के कार्यों की धीमी प्रगति पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
श्री उइके ने अधिकारियों से प्रत्येक स्टेशन के कार्य की स्पष्ट समयसीमा मांगी और कहा कि निर्माण कार्य केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर समयबद्ध तरीके से दिखाई देने चाहिए। गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता किए बिना कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए।
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul