देवास। पुलिस का काम केवल कानून व्यवस्था संभालना ही नहीं, बल्कि समाज के भविष्य को संवारना भी है। इसी सोच के साथ देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने "पुलिस की पाठशाला" से जुड़े श्रमिक और झुग्गी-बस्ती के बच्चों से मुलाकात कर उनके सपनों को नई दिशा देने का प्रयास किया।
एसपी कार्यालय पहुंचे बच्चों का आत्मीय स्वागत किया गया। एसपी पुनीत गेहलोद ने बच्चों से पढ़ाई, उनके सपनों और भविष्य की योजनाओं पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
"पुलिस की पाठशाला" की संचालिका ने बताया कि संस्था कई वर्षों से झुग्गी-बस्तियों और श्रमिक परिवारों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा उपलब्ध करा रही है। वर्तमान में 100 से अधिक बच्चे संस्था से जुड़े हैं, जिनमें से कई आज नर्सिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
संचालिका ने बताया कि एसपी पुनीत गेहलोद ने स्वयं बच्चों से मिलने की इच्छा जताई थी। मुलाकात के दौरान उन्होंने बच्चों की आवश्यकताओं को पूरा करने का आश्वासन भी दिया। बच्चों के साथ मिठाई साझा करते हुए उन्होंने उन्हें नियमित पढ़ाई, अच्छे संस्कार और अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करने का संदेश दिया।
बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ एसपी से बातचीत की और अपने अनुभव साझा किए। यह मुलाकात उनके लिए प्रेरणा और आत्मविश्वास से भरा यादगार पल बन गई। "पुलिस की पाठशाला" जैसी पहल समाज के उन बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर दे रही है, जिनके सपनों को केवल एक सही मार्गदर्शन की जरूरत है।
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews