औरंगाबाद के अम्बा में कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्षों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने किया उद्घाटन।
अम्बा / औरंगाबाद, 21 अगस्त 2026 24 NewsLive
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में प्रखंड अध्यक्षों का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार को औरंगाबाद के राजलक्ष्मी रिजॉर्ट, अम्बा में शुरू हुआ। शिविर का उद्घाटन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
यह पांचवां प्रशिक्षण शिविर है, जिसमें 20 जिलों के नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्ष शामिल हुए हैं, जो पूर्व के प्रशिक्षण सत्रों में शामिल नहीं हो पाए थे।
शिविर में बतौर मुख्य अतिथि बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु मौजूद रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि संगठन में अनुशासन, सदाचार और सत्य के साथ महात्मा गांधी के विचारों को आत्मसात कर आगे बढ़ना है। कांग्रेस ने देश में लोकतंत्र को स्थापित किया है। प्रखंड अध्यक्ष पार्टी की रीढ़ हैं और उनकी वैचारिक मजबूती के लिए यह प्रशिक्षण बेहद जरूरी है।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि राष्ट्रपिता के सत्य, सदाचार और सादगी के सिद्धांतों पर आधारित यह प्रशिक्षण संगठन को गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। संगठन सृजन अभियान के तहत चयनित प्रखंड अध्यक्षों को कांग्रेस के इतिहास, उपलब्धियों और आगामी रणनीतियों से अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने प्रशिक्षुओं के साथ द्विपक्षीय संवाद भी किया और प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विचारधारा पर चर्चा की।
शिविर के प्रभारी संयोजक प्रो. रंजीत मिश्र ने बताया कि दो दिनों में सात राजनीतिक सत्रों के साथ प्रभात फेरी, गांधी भजन और सांस्कृतिक-सह-मनोरंजन सत्र का भी आयोजन होगा। पहले दिन चार सत्र और संध्या में सांस्कृतिक कार्यक्रम निर्धारित है।
सत्रों का संचालन प्रशिक्षक राजकुमार मीणा ने किया। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन, पंकज यादव, डॉ. अमन कुमार, सत्येंद्र नारायण, अरविंद शर्मा, डॉ. अनिता कुमारी, पूनम यादव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
शिविर में ई. सुरेन्द्र यादव, संजय यादव, सूरज राय, मिथिलेश कुमार, मो. जिशान, आनंद पाल, रविन्द्र राम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।