नकल माफिया के खिलाफ आवाज उठाने वाला फायरकर्मी बना ‘कॉकरोच’, घुटनों के बल रेंगकर पहुंचा कचहरी
“झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप, न्याय की गुहार लगाने अनोखे अंदाज में पहुंचा निलंबित कर्मचारी”
आगरा संवाददाता।। नकल माफिया के खिलाफ आवाज बुलंद करने का दावा करने वाले निलंबित फायरकर्मी जितेंद्र राठौर ने न्याय की मांग को लेकर ऐसा विरोध प्रदर्शन किया, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। रविवार को वह स्वयं को ‘कॉकरोच’ बताते हुए घुटनों के बल रेंगकर कचहरी पहुंचे और दीवानी न्यायालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
कचहरी पहुंचने पर सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें गेट पर रोक दिया, जिसके बाद उन्होंने वहीं बैठकर विरोध जताया। उनका कहना है कि उन्हें एक सुनियोजित साजिश के तहत झूठे मुकदमे में फंसाया गया है और वह पिछले कई महीनों से न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
जितेंद्र राठौर वर्ष 2024 में दर्ज एक यौन उत्पीड़न के मामले में निलंबित किए गए थे। उस समय उनकी तैनाती महराजगंज जिले में थी। मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
राठौर का दावा है कि उन्होंने 12 फरवरी 2024 को एक कथित नकल माफिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। उनके अनुसार, इसी कार्रवाई से नाराज होकर उन्हें बदनाम करने और दबाव बनाने के उद्देश्य से 9 जुलाई 2024 को झूठा आरोप लगाकर मुकदमे में फंसाया गया। उनका कहना है कि जिस दिन घटना का आरोप लगाया गया, उस दिन वह महराजगंज में अपनी ड्यूटी पर मौजूद थे।
निलंबित फायरकर्मी ने कहा कि वह न्यायालय और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि सच सामने लाने की कोशिश करने वालों को प्रताड़ित किया जा रहा है। वहीं, मामले को लेकर प्रशासनिक और न्यायिक प्रक्रिया जारी है तथा अंतिम फैसला न्यायालय द्वारा ही किया जाएगा।
अपने क्षेत्र की सभी खबरें देखने और *खबरें शेयर करके कमाई करने के लिए डाउनलोड करें शुरू ऐप* (Shuru App) 👇🏻 https://shuru.co.in/dl/ofYZN4