गौचर में बनेगा प्रेस क्लब भवन, मुख्यमंत्री धामी ने की घोषणा
वरिष्ठ पत्रकार ललिता प्रसाद लखेड़ा और कीर्ति नवानी को मिला प्रतिष्ठित सम्मान, प्रेस क्लब फोल्डर का भी किया विमोचन
गौचर। 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौचर में प्रेस क्लब भवन निर्माण की घोषणा कर क्षेत्र के पत्रकारों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से पत्रकारों की वर्षों से चली आ रही मांग को नई उम्मीद मिली है। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनपदों के साथ-साथ तहसील स्तर पर भी प्रेस क्लब होने चाहिए, जिससे पत्रकारों को संगठित होकर अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए उचित मंच और सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललिता प्रसाद लखेड़ा को गोविंद प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026 से सम्मानित किया। वहीं कीर्ति नवानी को पंडित महेशानंद नौटियाल सम्मान प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब फोल्डर का विमोचन भी किया।
गौचर प्रेस क्लब भवन की घोषणा को क्षेत्रीय पत्रकारिता के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पत्रकारों ने कहा कि प्रेस क्लब भवन बनने से गौचर सहित आसपास के क्षेत्रों के पत्रकारों को एक स्थायी मंच मिलेगा। यहां पत्रकारों की बैठक, संवाद और पत्रकारिता से जुड़ी गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा सकेगा।
इस मौके पर कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला अध्यक्ष गजपाल रावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रवीर गायत्री, जिला अध्यक्ष दिग्पाल गुंसाई, प्रेस क्लब अध्यक्ष खुशाल सिंह असवाल, अरुण मिश्रा, देवेंद्र गुंसाई, ईश्वर सिंह राणा, प्रदीप लखेड़ा, गोविंद सिंह बिष्ट, भानु प्रकाश नेगी, संदीप कुमार, सोनिया मिश्रा, अनिल राणा एवं संतोष कुंवर मौजूद रहे।
इसके अलावा जिले के वरिष्ठ पत्रकार रजपाल बिष्ट, सुरेंद्र सिंह, जगदीश पोखरियाल, महावीर रावत, लक्ष्मी प्रसाद कुमेड़ी, शतीश गैरोला, कालिका प्रसाद, दिनेश जोशी, जितेंद्र पंवार और दीपक कुमार सहित कर्णप्रयाग की ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी, टीका प्रसाद मैखुरी एवं सागर बिष्ट भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री द्वारा प्रेस क्लब भवन निर्माण की घोषणा, तहसील स्तर पर प्रेस क्लबों की आवश्यकता पर जोर देने तथा वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किए जाने पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने इसे चमोली जनपद में पत्रकारिता के विकास और पत्रकारों के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
Dehradun, Dehradun | Nov 15, 2026