शिमला में हिमाचल प्रदेश स्टेट अंडर-19 शतरंज चैंपियनशिप का भव्य आगाज़
एसोसिएशन के सीईओ के. के. सकलानी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया प्रतियोगिता का उद्घाटन
शिमला:हिमाचल प्रदेश स्टेट चेस एसोसिएशन के तत्वावधान मे रविवार को राजधानी शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर के अपर हॉल में ‘हिमाचल प्रदेश स्टेट अंडर-19 शतरंज चैंपियनशिप 2026’ का विधिवत एवं भव्य शुभारंभ हुआ। सुबह 10:30 बजे आयोजित उद्घाटन समारोह में प्रदेश भर से आए युवा शतरंज खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश स्टेट चेस एसोसिएशन के सीईओ के. के. सकलानी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर और शतरंज की बिसात पर पहली चाल चलकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने युवा खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि शतरंज मानसिक एकाग्रता व रणनीतिक सोच को विकसित करने का सबसे बेहतरीन माध्यम है। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए अंडर-19 वर्ग के होनहार खिलाड़ी अपना हुनर दिखा रहे हैं। आयोजन समिति की ओर से संजीव ठाकुर और अनिल शर्मा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और अभिभावकों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता के सुचारू संचालन की जानकारी दी। इस चैंपियनशिप के शीर्ष खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
Mandi, Mandi | Oct 19, 2026