अजमेर में साइबर ठगी गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
लाखों रुपये के साइबर फ्रॉड मामले में अजमेर पुलिस ने कसा शिकंजा, पांच-पांच हजार के इनामी आरोपी दबोचे
अजमेर पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिला स्पेशल टीम अजमेर और रामगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था।
मामला साइबर ठगी से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक 8 अगस्त 2026 को साइबर अपराध के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने साइबर माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाया। मामले में थाना रामगंज में एफआईआर संख्या 274/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस जांच में तीन आरोपियों की पहचान राजकुमार, उसकी पत्नी शानू और नीलम के रूप में हुई। तीनों पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे। जिला पुलिस अधीक्षक अजमेर के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई।
13 सितंबर को डीएसटी प्रभारी शंकर सिंह रावत और टीम सदस्य रामनिवास कानी को आरोपियों के अजमेर के नवाब का बेड़ा, आशागंज क्षेत्र में होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क और अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में एक अन्य फरार आरोपी की भी तलाश जारी है।
Ajmer Police Rajasthan
Ajmer, Ajmer | Sep 13, 2026