महर्षि दधीचि जन्मोत्सव श्रद्धा एवं हर्षोल्लास से मनाया
सिरसा।
श्री दाधीच ब्राह्मण महासभा, सिरसा की ओर से महर्षि दधीचि का जन्मोत्सव कंगनपुर रोड स्थित श्री गणेश टेंट हाऊस प्रांगण में श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में हरियाणा प्रांतीय दाधीच/दायमा ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष सुभाष दायमा बाय वाले मुख्यातिथि रहे, जबकि अध्यक्षता श्री दाधीच ब्राह्मण महासभा सिरसा के अध्यक्ष रघुवीर शर्मा ने की। मुख्यातिथि सुभाष दायमा ने कहा कि महर्षि दधीचि त्याग, तपस्या और परोपकार के प्रतीक हैं। उन्होंने समाज के कल्याण के लिए अपना जीवन तक समर्पित कर दिया। उनके जीवन से हमें समाज और राष्ट्रहित में सेवा, सहयोग और त्याग की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने समाज के लोगों से महर्षि दधीचि के आदर्शों को जीवन में अपनाने और नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली संस्कृति से जोड़ने का आह्वान किया।
श्री ब्राह्मण महासभा सिरसा के जिलाध्यक्ष सुशील शर्मा ने कहा कि महर्षि दधीचि का जीवन मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका त्याग यह संदेश देता है कि समाज और मानव कल्याण से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और संस्कारों को मजबूत करने के लिए ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में सभी उपस्थितजनों ने महर्षि दधीचि के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित किए। इसके बाद हवन का आयोजन हुआ, जिसमें महासभा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सपरिवार आहुतियां डालकर सभी के सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। इससे पूर्व मुख्यातिथि सुभाष दायमा का पगड़ी पहनाकर एवं फूलमालाओं से स्वागत किया गया। उपस्थितजनों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर श्री ब्राह्मण महासभा सिरसा के महासचिव सुधीर सारस्वत, श्याम लाल शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम की सफलता में श्री दाधीच ब्राह्मण महासभा, सिरसा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
Sirsa, Sirsa | Sep 19, 2026