प्रेस विज्ञप्ति
अल्पसंख्यक छात्रावास शुरू करने और हाई स्कूल मैदान की बदहाली दूर करने की मांग को लेकर सीमांचल युवा संगठन का मांग
जोकीहाट, अररिया।
जोकीहाट स्थित अल्पसंख्यक छात्रावास को चालू कराने और +2 हाई स्कूल, जोकीहाट के मैदान की बदहाली दूर करने की मांग को लेकर सीमांचल युवा संगठन, जोकीहाट लगातार प्रयासरत है। लेकिन कई जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
माननीय विधायक श्री मुर्शीद आलम साहब ने सोशल मीडिया पर फेसबुक पोस्ट एवं वीडियो प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से छात्रावास शुरू होने और बच्चों के रहने की व्यवस्था किए जाने की बात कही थी। लेकिन लगभग चार महीने बीत जाने के बाद भी छात्रावास चालू नहीं हो सका है। वहीं, हाई स्कूल मैदान की स्थिति भी अब तक जस की तस बनी हुई है।
इस मुद्दे को लेकर जोकीहाट के पूर्व विधायक जनाब शाहनवाज आलम साहब से भी मुलाकात कर छात्रावास शुरू कराने की मांग की गई थी। उन्होंने भी जल्द छात्रावास चालू कराने का आश्वासन दिया था, ताकि जरूरतमंद एवं दूर-दराज के विद्यार्थी वहां रहकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। दुर्भाग्यवश, यह आश्वासन भी अब तक धरातल पर नहीं उतर सका है।
इसके बाद सीमांचल युवा संगठन की टीम ने जिला पदाधिकारी श्री विनोद दुहन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। जिला पदाधिकारी ने दो महीने के भीतर छात्रावास शुरू कराने तथा हाई स्कूल मैदान की मापी कराकर उसकी घेराबंदी कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी इन दोनों महत्वपूर्ण मुद्दों पर कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है।
वहीं, +2 हाई स्कूल, जोकीहाट के प्रधानाध्यापक महोदय ने भी शिक्षा विभाग से आवश्यक निर्देश मिलने के बाद छात्रावास खोलने की बात कही थी। इसके बावजूद आज तक छात्रावास शुरू नहीं हो पाया है।
सीमांचल युवा संगठन का स्पष्ट मानना है कि यह किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य और जनहित से जुड़ा एक महत्वपूर्ण सवाल है। छात्रावास शुरू होने से जरूरतमंद एवं दूर-दराज के विद्यार्थियों को रहने की सुविधा मिलेगी और वे बेहतर तरीके से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे। इसी प्रकार हाई स्कूल मैदान की घेराबंदी और उचित व्यवस्था से विद्यालय परिसर की सुरक्षा एवं उपयोगिता बढ़ेगी।
संगठन का कहना है कि जनहित के ऐसे मुद्दों पर सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है, चाहे वे निर्वाचित हों या पूर्व प्रतिनिधि। विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस विषय को राजनीतिक आश्वासनों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए।
अब सीमांचल युवा संगठन, जोकीहाट ने बिहार के माननीय मुख्यमंत्री से जनता दरबार में मुलाकात कर इस मामले को प्रमुखता से उठाने के लिए जिलाधिकारी को आवेदन सौंप दिया है।
संगठन जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से मांग करता है कि अल्पसंख्यक छात्रावास को तत्काल चालू कराने तथा हाई स्कूल मैदान की मापी कराकर उसकी घेराबंदी का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए।
यदि इसके बावजूद छात्रावास शुरू नहीं किया गया और मैदान की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो सीमांचल युवा संगठन विद्यार्थियों के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
हमारी मांग स्पष्ट है—आश्वासन नहीं, अब धरातल पर काम चाहिए। विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जारीकर्ता:
सीमांचल युवा संगठन, जोकीहाट, जिला अररिया, बिहार
नारा: विद्यार्थियों का अधिकार, छात्रावास और बेहतर शिक्षा व्यवस्था! #जोकीहाटखबर #jokihataimim #JokihatPolice #ArariaNews #Araria #Jokihat #spararia #jokihatkanews news network Plus
Araria, Araria | Oct 17, 2026