रक्षाबंधन कार्यक्रम में अव्यवस्था पर महिलाओं का फूटा गुस्सा
कुंडल-चप्पल के साथ छात्रा का मोबाइल भी खोया, बुजुर्ग-दिव्यांग महिलाओं के लिए नहीं थी अलग लाइन
#बरेली। रोटरी क्लब मैदान में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में भारी भीड़ के चलते महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कार्यक्रम में महापौर उमेश गौतम और पार्थ गौतम ने बहनों से राखी बंधवाई, लेकिन भीड़ बढ़ने के बाद व्यवस्थाओं को लेकर महिलाओं में नाराजगी देखने को मिली।
कार्यक्रम में आई एक छात्रा ने बताया कि वह अपनी मां और बहन के साथ काफी दूर से आई थी। भीड़ के बीच उसके कुंडल, चप्पल और मोबाइल फोन तक खो गया। छात्रा का कहना था कि वह पढ़ाई करने वाली विद्यार्थी है और इतनी दूर से रक्षाबंधन के कार्यक्रम में शामिल होने आई थी, लेकिन अव्यवस्था के कारण उसे काफी परेशानी उठानी पड़ी।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में अनुमान से कहीं अधिक भीड़ जुट गई, जिसके कारण धक्का-मुक्की और अव्यवस्था की स्थिति बन गई। कुछ महिलाएं अपने सामान खोने के बाद परेशान होकर रोती हुई भी नजर आईं।
वहीं बुजुर्ग और दिव्यांग महिलाओं ने भी व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि उनके लिए अलग लाइन और विशेष व्यवस्था नहीं की गई, जिससे उन्हें भीड़ के बीच काफी परेशानी हुई।
महिलाओं ने मांग की कि भविष्य में ऐसे आयोजनों में भीड़ की संख्या नियंत्रित करने के साथ सिंगल लाइन, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए अलग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यक्रम में आने वाली महिलाओं को परेशानी न हो।
Bareilly news Live