चित्रकूट में महिला ने तीन लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म का लगाया आरोप, उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार
चित्रकूट। जनपद चित्रकूट के मऊ थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के ही तीन लोगों पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे मीडिया के माध्यम से उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता के अनुसार, बीती 7 नवंबर की रात करीब 8 बजे वह अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित पशु बाड़े में भैंस बांधने गई थी। आरोप है कि बाड़े में पहले से छिपे बैठे रामराज, धर्मराज और गौरेंद्र ने उसे पकड़ लिया और घसीटकर कुछ दूर ले गए, जहां तीनों ने कथित तौर पर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उसी रात करीब 11 बजे वह मऊ थाने पहुंची, लेकिन वहां उसकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की, बावजूद इसके आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने का आरोप लगाया है।
अब पीड़िता ने मीडिया के माध्यम से उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।
हालांकि, मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष और आरोपों की पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।