मिशन शक्ति 5.0: संतकबीरनगर पुलिस का जागरूकता अभियान
ग्राम चौपाल, बहू-बेटी सम्मेलन और एंटी रोमियो टीमों के माध्यम से महिलाओं को अधिकारों, आत्मरक्षा व हेल्पलाइन की दी जानकारी
संतकबीरनगर, 31 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने और सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी अनुपालन के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में जनपद के सभी थानों द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ग्राम चौपाल एवं बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित कर महिलाओं, बालिकाओं एवं ग्रामीणों को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण का भरोसा भी दिलाया।एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं छात्राओं को जागरूक किया। इस दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा cybercrime.gov.in पोर्टल की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।जागरूकता अभियान के तहत कोतवाली खलीलाबाद, दुधारा, महिला थाना, महुली, धनघटा, मेंहदावल, बखिरा, बेलहरकला एवं धर्मसिंहवा थाना क्षेत्रों के विभिन्न गांवों और चौराहों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।महिला बीट अधिकारियों और मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं से निडर होकर अपनी बात रखने, अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस हेल्पलाइन का सहारा लेने की अपील की। अभियान के माध्यम से महिला सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का भी संदेश दिया गया।
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Jul 31, 2026