#देवरिया: रोजगार न दिलाने पर सलेमपुर आईटीआई प्रधानाचार्य का एक माह का वेतन रोका, डीएम ने 60% प्लेसमेंट का दिया लक्ष्य
#देवरिया, 4 जुलाई। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आईटीआई एवं कौशल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में रोजगार उपलब्ध कराने की धीमी प्रगति पर कड़ा रुख अपनाया। रोजगार मेले आयोजित न करने और छात्रों को रोजगार उपलब्ध न कराने पर राजकीय आईटीआई सलेमपुर के प्रधानाचार्य का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी आईटीआई प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि हर ट्रेड में कम से कम 60 प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित किया जाए। स्पष्ट किया कि लक्ष्य पूरा होने पर ही वेतन आहरित होगा।
उन्होंने 11 अगस्त को वृहद रोजगार मेले के आयोजन, व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आईटीआई उत्तीर्ण छात्रों की अप्रेंटिसशिप, सेवायोजन विभाग से समन्वय, अभ्युदय कोचिंग से यूट्यूब लाइव जुड़ाव और गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण पर भी जोर दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी आईटीआई में प्लेसमेंट सेल स्थापित करने और तीन सदस्यीय समिति गठित कर छात्रों को रोजगार मेलों व साक्षात्कार के लिए प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए।