#बालाघाट
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 : किरनापुर में हुई प्रशासनिक कार्रवाई
7 अगस्त को जिला स्तरीय जनसंवाद एवं अधिकारियों का भ्रमण कार्यक्रम
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासकीय सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में 7 अगस्त को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, किरनापुर में जिला स्तरीय अधिकारियों का जनसंवाद एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
कलेक्टर श्री कुमार सत्यम के मार्गदर्शन में अभियान के अंतर्गत 5 अगस्त को तहसील किरनापुर में विभिन्न विभागों द्वारा व्यापक निरीक्षण एवं जनहित से जुड़ी गतिविधियां संचालित की गईं।
अभियान के तहत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) किरनापुर श्री आदित्य नारायण तिवारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों को मिलने वाली चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद एसडीएम श्री तिवारी ने पुलिस थाना किरनापुर का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना प्रभारी से कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अन्य विभागीय अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण एवं समीक्षा कार्य किए। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ने किरनापुर क्षेत्र के पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं बाल विकास परियोजना अधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को मिलने वाली सेवाओं तथा पोषण संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
इसी प्रकार वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ने सहकारी समिति का निरीक्षण कर किसानों के लिए उपलब्ध उर्वरकों के स्टॉक, वितरण व्यवस्था तथा आवश्यक तैयारियों का परीक्षण किया, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके। वहीं अनुविभागीय अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) लांजी एवं विभागीय उपयंत्री की टीम ने शासकीय पेयजल स्रोतों पर की गई अवैध मोटर पंप स्थापना के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए निजी मोटर पंप हटवाए और पेयजल स्रोतों को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस कार्रवाई का उद्देश्य सभी नागरिकों को समान रूप से पेयजल उपलब्ध कराना तथा जल स्रोतों का संरक्षण सुनिश्चित करना है।
अभियान के दौरान उपखंड स्तर के सभी विभागीय अधिकारियों ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा कर उनके त्वरित निराकरण की कार्रवाई भी की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नागरिकों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 7 अगस्त को आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं सुझावों से प्रशासन को अवगत कराएं, जिससे उनका शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
#मुख्यमंत्री_जन_विश्वास_अभियान_2026
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#janvishwasabhiyan2026
110 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 6, 2026