जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 28 अगस्त 2026
*राखी बांधने जा रही बहन बनी हादसे का शिकार, फरिश्ता बनकर पहुंचे यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी - तत्परता से बचाई महिला की जान*
*बस्ती।* रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जहां हर बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधने को आतुर है, वहीं जनपद में एक बहन के साथ हाईवे पर बड़ा हादसा हो गया। लेकिन इस हादसे में बस्ती पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया। यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी की तत्परता और सूझबूझ से एक महिला की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार आज दोपहर लगभग 12:20 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर चैनपुरवा के पास यह दुर्घटना हुई। लखनऊ की ओर जा रही एक मोटरसाइकिल नंबर UP 51W 7500, जिस पर वसुंधरा की माता जी पीछे बैठी थीं वह हाईवे पर खड़ी एक अर्टिगा कार नंबर UP 54 BD 4039 से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बताया जा रहा है कि महिला अपने घर से भाई को राखी बांधने के लिए भानपुर जा रही थीं, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी अपनी पूरी टीम के साथ मात्र कुछ मिनटों में मौके पर पहुंच गए। उनके साथ यातायात के कृष्णानंद पांडे, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, लालमणि और स्थानीय पुलिस की टीम भी मौजूद रही।
यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी ने बिना देर किए मानवता की मिसाल पेश करते हुए तत्काल 108 एम्बुलेंस को कॉल किया और खुद अपने हाथों से घायल महिला को स्ट्रेचर पर लिटाकर एम्बुलेंस में शिफ्ट कराया। उनकी इस तत्परता से महिला को समय पर इलाज मिल सका। वर्तमान में महिला का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन सकती थी, लेकिन यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी ने अपनी सूझबूझ से दोनों वाहनों को साइड कराकर यातायात को पूरी तरह से सामान्य और सुचारू करा दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बस्ती यातायात पुलिस के इस कार्य की जमकर सराहना की।
गौरतलब है कि यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी का कार्य सिर्फ आज ही नहीं, बल्कि बीते कावड़ मेले में भी बेहद सराहनीय रहा था। कावड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ में उन्होंने जिस तरह से यातायात व्यवस्था को संभाला था, उसकी पूरे जनपद में प्रशंसा हुई थी। वह हमेशा अपने कर्तव्य के साथ-साथ मानवीय सेवा के लिए जाने जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुलदीप त्रिपाठी जैसे प्रभारी के रहते बस्ती की सड़कों पर लोग खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि वर्दी सिर्फ कानून ही नहीं, सेवा और सुरक्षा का भी प्रतीक है।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौशल का भारत
Basti, Basti | Aug 28, 2026