वरिष्ठजनों और नई पीढ़ी के बीच जुड़ाव बढ़ाने का संदेश बना ‘इंटर-जेनरेशन बॉन्डिंग’ कार्यक्रम
नृत्य-नाटिका, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भाषणों ने बांधा समां, विद्यार्थियों को किया सम्मानित
-
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण संचालनालय भोपाल के निर्देशानुसार अटल वयो अभ्युदय योजना अंतर्गत स्टेट एक्शन प्लान सीनियर सिटीजन वर्ष 2026-27 के तहत ‘इंटर-जेनरेशन बॉन्डिंग एक्टिविटीज’ कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को जिला चिकित्सालय परिसर स्थित सुलभ कॉम्पलेक्स के पास किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठजनों और नई पीढ़ी के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना और परिवार में बुजुर्गों के सम्मान एवं देखभाल का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छतरपुर विधायक श्रीमती ललिता यादव रहीं। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उपसंचालक सामाजिक न्याय श्री कौशल सिंह, पेंशन एसोसिएशन संघ के अध्यक्ष श्री आर.एस. गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य वरिष्ठजन एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद ब्रह्माकुमारी आश्रम संस्था द्वारा वरिष्ठजनों को समर्पित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की गई। संस्था की दूसरी नृत्य-नाटिका ने समाज के सभी वर्गों को वरिष्ठजनों के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया। निर्वाणा फाउंडेशन के बच्चों ने शास्त्रीय गीत एवं भजन की प्रस्तुति दी। भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया और अतिथियों ने कलाकारों की सराहना की।
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 के श्रेयांस एवं उन्जेला खान ने भाषण प्रस्तुत कर उपस्थितजनों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती ललिता यादव ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठजनों और नाती-पोतों के बीच की दूरी कम करने का सुंदर प्रयास किया गया है। उन्होंने वरिष्ठजनों के परिजनों से अपील की कि वे घर के बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न होने दें।
कार्यक्रम के अंत में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 के 8 एवं हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 के 3 विद्यार्थियों को भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। उपस्थितजनों को वरिष्ठजनों के सम्मान एवं देखभाल से संबंधित शपथ दिलाई गई। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Jansampark Madhya Pradesh
#chhatarpur
11 views | Chhatarpur, Madhya Pradesh | Sep 30, 2026