हिमाचल पुलिस ब्रास बैंड ने हमीरपुर में दी देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुति
हमीरपुर:
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत हिमाचल पुलिस ब्रास बैंड द्वारा आज जिला हमीरपुर में देशभक्ति से ओत-प्रोत शानदार संगीतमय प्रस्तुति दी गई। बैंड की मधुर एवं जोशीली धुनों ने नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना को प्रबल किया। प्रस्तुति के माध्यम से तिरंगे के सम्मान तथा स्वतंत्रता सेनानियों के सर्वोच्च बलिदान का संदेश भी दिया गया।
हमीरपुर पुलिस की ओर से समस्त जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। पुलिस ने आमजन से बरसर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर समारोह को भव्य एवं सफल बनाने का आग्रह किया है। समारोह में माननीय मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।