#दर्दनाक_हादसा..
भरतपुर। उत्तर प्रदेश के मेरठ-हरिद्वार हाईवे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया है कि डीग जिले के अवार गांव से 27 युवकों का दल हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर अपने गांव के चतुर्भुज मंदिर लौट रहा था। तड़के करीब 3 बजे नेशनल हाईवे-334 पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।।शुरुआती जांच के मुताबिक हादसा ट्रक चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ। टक्कर के समय ट्रॉली में 20 कांवड़िए सवार थे, जबकि 7 युवक कांवड़ लेकर हाईवे पर आगे दौड़ रहे थे। हादसे में मारे गए लोगों की पहचान अवार गांव निवासी 17 वर्षीय यशपाल और 45 वर्षीय राजेंद्र के रूप में हुई है। राजेंद्र हादसे के वक्त ट्रैक्टर चला रहे थे, वहीं यशपाल दुर्घटना से महज एक मिनट पहले ही आराम करने के लिए ट्रॉली में आकर बैठा था। यशपाल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और इस वर्ष 12वीं की पढ़ाई पूरी कर कॉलेज में दाखिल हुआ था। राजेंद्र के 16 वर्षीय बेटे शिवम के आंखों के सामने ही यह हादसा हुआ, जो उस समय गंगाजल लेकर पैदल दौड़ रहा था। सभी घायलों का इलाज मेरठ के अस्पताल में चल रहा है, जिनमें से एक घायल रविंद्र की नाजुक हालत को देखते हुए उसे दिल्ली रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अवार गांव के ये युवक पहली बार डाक कांवड़ लेकर हरिद्वार गए थे, लेकिन इस भयानक हादसे की खबर पहुंचते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है और मातम का माहौल है।