तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की एकमात्र महिला प्रत्याशी प्रो. रूपम कुमारी ने दाखिल किया नामांकन
शिक्षकों के जायज अधिकारों और महिला शिक्षकों के सम्मान के लिए संघर्ष जारी रखने का दिया भरोसा
मुजफ्फरपुर। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एकमात्र महिला प्रत्याशी के रूप में प्रोफेसर रूपम कुमारी ने सोमवार को अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। नामांकन के दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। शिक्षकों की मौजूदगी ने नामांकन कार्यक्रम को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बना दिया।
नामांकन दाखिल करने के बाद शिक्षकों को संबोधित करते हुए प्रो. रूपम कुमारी ने कहा कि शिक्षकों की हर जायज मांग के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सेवा-सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने विशेष रूप से महिला शिक्षकों के अधिकारों और उनकी समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद करने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिक्षक समुदाय की आधी आबादी के रूप में महिला शिक्षकों की समस्याओं और अपेक्षाओं को उचित मंच पर मजबूती से उठाने की आवश्यकता है।
प्रो. रूपम कुमारी ने कहा कि तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व हर हाल में एक शिक्षक ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं और उनकी कार्य परिस्थितियों को समझने के लिए शिक्षक प्रतिनिधित्व जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गैर-शिक्षक प्रतिनिधित्व को लेकर शिक्षकों के बीच गंभीर सवाल हैं और शिक्षक अपने प्रतिनिधि के रूप में शिक्षक को ही देखना चाहते हैं।
उन्होंने शिक्षकों से एकजुट होकर अपने अधिकारों, सम्मान और हितों से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती से उठाने का आह्वान किया। नामांकन के दौरान उपस्थित शिक्षकों ने भी विभिन्न समस्याओं और अपेक्षाओं से उन्हें अवगत कराया।
Musahri, Muzaffarpur | Oct 5, 2026