✅ अबकी दिवाली इंटर जनरेशन बॉन्डिंग वाली, बुजुर्गों और बच्चों ने मिलकर मनाया दीपावली उत्सव
✅ 150 से अधिक विद्यार्थियों ने वृद्धजनों के साथ मनाई खुशियों की दिवाली
✅ किस्से-कहानियों, नृत्य और उपहारों के आदान-प्रदान से भावुक हुआ माहौल
शासन की मंशानुसार वरिष्ठ नागरिकों और नई पीढ़ी के बीच आपसी संवाद, आत्मीयता एवं भावनात्मक जुड़ाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस बार दीपावली का पर्व कुछ खास अंदाज में मनाया गया। इसी क्रम में शासन से प्राप्त निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री कुमार सत्यम के मार्गदर्शन में अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत स्थानीय सार्थक सेवा वृद्ध आश्रम में इंटर जनरेशन बॉन्डिंग कार्यक्रम ‘अबकी दिवाली इंटर जनरेशन बॉन्डिंग वाली’ का आयोजन किया गया। इसमें एक्सेल हाइट्स स्कूल एवं विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों के 150 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और वृद्धजनों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग श्री कमलेश सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले में अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत हॉलिस्टिक वेल बीइंग सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों में कला-कौशल, खेल, साइबर जागरूकता, कानूनी सहायता तथा विभिन्न विभागों के सहयोग से वरिष्ठ नागरिकों के सर्वांगीण कल्याण एवं सामाजिक सहभागिता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी कड़ी में इंटर जनरेशन बॉन्डिंग गतिविधि के माध्यम से बच्चों और बुजुर्गों को एक मंच पर लाकर उनके बीच संवाद और आत्मीय संबंध विकसित करने का प्रयास किया गया।
दीपावली मिलन समारोह के दौरान वृद्धजनों ने बच्चों को अपने जीवन के पुराने अनुभव, रोचक किस्से और कहानियां सुनाईं। वहीं बच्चों ने भी अपनी बातें साझा कीं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मनोरंजन किया। बच्चों एवं वृद्धजनों ने मिलकर नृत्य किया तथा एक-दूसरे को दीपावली के उपहार भेंट किए। मिठाइयों का आदान-प्रदान कर सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और पारिवारिक अपनत्व का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री अंशुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों को समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और नई पीढ़ी में संस्कार एवं संवेदनशीलता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। इस आयोजन के माध्यम से शासन की इंटर जनरेशन बॉन्डिंग की अवधारणा साकार होती दिखाई दी। जहां एक ओर बच्चों को वरिष्ठजनों के अनुभव, जीवन मूल्यों और संस्कारों को समझने का अवसर मिला, वहीं वृद्धजनों को बच्चों के साथ समय बिताकर खुशी, अपनापन और परिवार जैसा माहौल प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के संचालक, संस्था की संचालन समिति प्राध्यापक, वृद्ध आश्रम के समस्त कर्मचारी तथा सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Social Justice and Disabled Welfare Department ,Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh
#Harda #Diwali2026 #InterGenerationBonding #AtalVayoAbhyuday #SocialJusticeMP #SarthakSeva #DiwaliCelebration
#हरदा
Harda, Madhya Pradesh | Nov 5, 2026