आटा चक्की चलाने वाले पिता की बेटी ने रचा इतिहास, पहले ही प्रयास में UGC NET-JRF क्वालीफाई कर बनीं मिसाल
मऊ। जिले के अलीनगर की रहने वालीं प्रीति गुप्ता ने अपनी मेहनत और लगन से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रीति ने अपने पहले ही प्रयास में UGC NET-JRF (असिस्टेंट प्रोफेसर) परीक्षा क्वालीफाई कर सफलता की नई मिसाल कायम की है।
प्रीति के पिता शिव शंकर गुप्ता अलीनगर में आटा की चक्की चलाते हैं। सीमित संसाधनों के बीच भी उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई और उसके सपनों को हमेशा प्राथमिकता दी। वहीं, प्रीति ने भी माता-पिता के सपनों को अपनी आंखों में सजाकर लगातार मेहनत जारी रखी।
प्रीति ने बनारस से मास्टर्स की पढ़ाई के दौरान, पहले वर्ष में ही UGC NET-JRF की तैयारी शुरू की और अपने पहले अटेम्प्ट में परीक्षा क्वालीफाई कर ली। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि सफलता के लिए बड़े संसाधनों से ज्यादा जरूरी मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण होता है।
प्रीति की सफलता की खबर मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में खुशी का माहौल है। परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एक साधारण परिवार से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल करने वालीं प्रीति आज उन तमाम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं।
प्रीति की कहानी यही संदेश देती है, सपने अगर सच्चे हों और मेहनत लगातार हो, तो परिस्थितियां सफलता की राह नहीं रोक सकतीं।