आध्यात्मिक सेवा कार्यों से समाज को दिशा देने वाली संतोष दीदी और वासंती दीदी का भव्य नागरिक सत्कार; संतों, सांसदों और जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
#Lalbahadurbhakhar #Hanumangarh #Pilibanga #ब्रह्माकुमारी #Om_Shanti #ॐशांति #बीके_रानीबहन
9875131305/7014718676
पीलीबंगा/हनुमानगढ़/नासिक : -लालबहादुर भाखर:-
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय सेवा केंद्र पीलीबंगा की मुख्य संचालिका बी.के. रानी बहन ने जानकारी देते हुए बताया कि नासिक सेवा केंद्र की ओर से राजयोगिनी बी.के. संतोष दीदीजी एवं राजयोगिनी बी.के. वासंती दीदीजी के 'सहस्रचंद्र दर्शन समारोह' के उपलक्ष्य में रविवार को डिंडोरी रोड स्थित होटल करी लीव्स के समीप, शुभेच्छा लॉन्स में एक भव्य व गरिमामयी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। बी.के. रानी बहन ने बताया कि इस पावन अवसर पर देश भर से आए साधु-संत, सामाजिक कार्यकर्ता और हजारों साधक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान राजयोगिनी संतोष दीदी को ‘वैश्विक आध्यात्मिक नेतृत्व पुरस्कार’ तथा राजयोगिनी वासंती दीदी को ‘राष्ट्रीय आध्यात्मिक नेतृत्व पुरस्कार’ से अलंकृत किया गया। इसके अतिरिक्त बी.के. विकास को उनके दो माह के विशेष प्रशिक्षण के उपलक्ष्य में सम्मानित किया गया।
समारोह में राष्ट्रीय अखाड़ा परिषद के प्रवक्ता महंत भक्ति चरण दास महाराज ने दोनों दीदीजी के दीर्घायु होने की कामना करते हुए कहा कि उनके द्वारा लगाए गए छोटे से पौधे ने आज विशाल वटवृक्ष का रूप धारण कर लिया है, जिसकी शीतल छाया में समाज संस्कारित हो रहा है। शांतिगिरीजी महाराज की ओर से आश्रम संत श्री १०८ महंत स्वामी परमेश्वरानंद गिरी महाराज और शिवभक्त हृदयानंद महाराज ने भी उपस्थित रहकर आशीर्वाद दिया।
धुले लोकसभा क्षेत्र की सांसद शोभाताई बच्छाव ने दीदीजी के सामाजिक व आध्यात्मिक कार्यों की सराहना की। वहीं डिंडोरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद भास्करराव भगरे ने दीदीजी को शॉल व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित करते हुए आश्वासन दिया कि माउंट आबू जाने वाले साधकों की सुविधा हेतु नासिक रोड रेलवे स्टेशन से दो विशेष रेल डिब्बे उपलब्ध कराने के लिए रेल मंत्रालय से लगातार पत्राचार किया जाएगा। विधायक गोकुल गीते और मविप्र समाज के सरचिटणीस एड. नितिन ठाकरे ने दोनों दीदीजी के शतायु होने की मंगलकामना की। बाजार समिति के सभापति गणेश गीते ने संस्था के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए त्र्यंबकेश्वर में प्रस्तावित भव्य आध्यात्मिक संग्रहालय के निर्माण में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
बी.के. रानी बहन के अनुसार, समारोह में संस्था के बाल ब्रह्मचारियों ने दीदीजी को भव्य पुष्पहार अर्पित कर वंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ बी.के. सरला दीदी के स्वागत संबोधन, बी.के. ओंकार व बी.के. नितिन भाई के स्वागत गीत और कुमारी ज्ञानेश्वरी के स्वागत नृत्य से हुआ। इसके पश्चात द्वारका ग्रुप के कलाकारों ने मनमोहक गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। पूरे समारोह का कुशल मंच संचालन पूनम दीदी ने किया।
इस भव्य गौरव समारोह में निवासी उपजिलाधिकारी रोहित राजपूत, निवृत्तिनाथ संस्थान के विश्वस्त अमर ठोंबरे, पूर्व महापौर रंजना भानसी, त्र्यंबकेश्वर की नगराध्यक्षा त्रिवेणी तुंगार, पंचवटी प्रभाग सभापति रोहिणी पिंगळे, नगरसेविका दीपालीताई गीते, स्वातीताई भामरे, रूपाली नन्नावरे, सीमा पवार, नगरसेवक प्रमोद पालवे, कालू काकड, विष्णु दोभाडे, पूर्व नगरसेवक मनोहर बोराडे, शिवसेना गटनेता प्रशांत गायधनी, महाराष्ट्र राज्य दिव्यांग कर्मचारी संगठन के प्रदेशाध्यक्ष बालासाहेब सोनवणे, शिक्षक सेना संगठक विनोद हिरे, भाजपा महिला प्रदेशाध्यक्ष रोहिणीताई नायडू, सी.ए. लोकेश पारख, फिल्म निर्माता-निर्देशक मुकेश कनेरी, वसंत व्याख्यानमाला समूह के श्रीकांत बेनी, संगीता बाफना, अनिल नाहर सहित माउंट आबू, उल्हासनगर व छत्रपति संभाजीनगर से पधारे वरिष्ठ पदाधिकारी बी.के. हरीलाल भाई (निदेशक, गॉडली वुड स्टूडियो), बी.के. जीतूभाई, बी.के. नितिनभाई और बी.के. बालूभाई सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।