उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ से एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां 108 आपातकालीन एम्बुलेंस पिछले 7 दिनों से सड़क किनारे खड़ी बताई जा रही है। पहाड़ी क्षेत्र में पहले से ही स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित हैं और पूरे इलाके के लिए केवल 2 से 3 एम्बुलेंस ही उपलब्ध हैं। ऐसे में एक एम्बुलेंस का कई दिनों तक सेवा से बाहर रहना गंभीर चिंता का विषय बन गया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि क्षेत्र में कोई सड़क दुर्घटना, गंभीर बीमारी या आपदा जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाए, तो क्या 108 समय पर मरीजों तक पहुंच पाएगी? यदि एम्बुलेंस में कोई तकनीकी खराबी है, तो उसे तत्काल ठीक कराकर सेवा में लगाया जाना चाहिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में कई दिनों से खड़ी यह एम्बुलेंस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। अब सभी की निगाहें स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी हैं।
Tehri, Tehri Garhwal | Jul 14, 2026