अमरजीत यादव हत्याकांड में बिस्फी सरपंच राजू ठाकुर गिरफ्तार, भेजा गया जेल
बिस्फी। अमरजीत यादव हत्याकांड में बिस्फी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त एवं वर्तमान बिस्फी सरपंच राजू ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक, मधुबनी योगेंद्र कुमार के निर्देश पर बिस्फी थाना अध्यक्ष अविनाश कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी दल द्वारा की गई।
बताया गया कि मृतक अमरजीत यादव के पिता विश्वनाथ यादव के लिखित आवेदन के आधार पर बिस्फी थाना में कांड दर्ज किया गया था। मामले में कुल चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था।
बिस्फी थाना अध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि अमरजीत यादव हत्याकांड में दर्ज मामले के नामजद अभियुक्त राजू ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में नामजद अन्य तीन अभियुक्त फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। फरार अभियुक्तों को भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
विशेष छापेमारी दल में पुलिस एसआई राजेश कुमार, अमित कुमार, अरविन्द कुमार सहित पुलिस बल शामिल थे।