#Balrampur ! कटैयाभारी पहुंचे डीएम: बूढ़ी राप्ती के बढ़े जलस्तर से प्रभावित फसलों का लिया जायजा...
ग्रामीणों से किया संवाद; बोले– आबादी सुरक्षित, फसल क्षति का सर्वे कराकर किसानों को दिलाएंगे राहत
#पचपेड़वा (#बलरामपुर)। बूढ़ी राप्ती नदी के बढ़े जलस्तर को देखते हुए शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विकास खंड पचपेड़वा के ग्राम कटैयाभारी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलभराव से प्रभावित कृषि क्षेत्रों का दौरा कर फसलों के नुकसान का जायजा लिया और अधिकारियों को शीघ्र क्षति आकलन के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गांव के लोगों से सीधा संवाद कर स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि गांव की आबादी पूरी तरह सुरक्षित है और रिहाइशी इलाकों में पानी नहीं घुसा है, केवल खेतों में फसलें प्रभावित हुई हैं।
किसी भी किसान की क्षति न छूटे: डॉ. विपिन कुमार
डीएम ने खुद खेतों में जाकर डूब में आई फसलों का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद हलका लेखपाल को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्र का पारदर्शी सर्वे कर फसल क्षति का सटीक आकलन जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि सर्वे में एक भी प्रभावित किसान छूटने न पाए, ताकि नियमानुसार मुआवजा व सहायता दी जा सके।
जल निकासी और सतत निगरानी के सख्त निर्देश
नदी के पानी की निकासी का जायजा लेते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कृषि क्षेत्र में जमा पानी की शीघ्र निकासी के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। उन्होंने राजस्व विभाग की टीम और प्रशासनिक अधिकारियों को क्षेत्र पर 24 घंटे पैनी नजर रखने और ग्रामीणों से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम तुलसीपुर हेमंत गुप्ता समेत तहसील प्रशासन व अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
#dmbalrampur #pachperwa