बाल दिवस के अवसर पर शासकीय हाई स्कूल करड़ावद बड़ी झाबुआ में “न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह 2026” का शुभारंभ किया गया
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ श्रीमती आशिता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं जिला न्यायाधीश श्री दिनेश देवड़ा के निर्देशन में 14 नवम्बर 2026 को बाल दिवस के अवसर पर शासकीय हाई स्कूल करड़ावद बड़ी झाबुआ में “न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह 2026” का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर आयोजित विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री शिव कुमार डावर की अध्यक्षता में किया गया। शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके साथ ही न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह-2026 एवं बाल दिवस के आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया गया।
शिविर में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री शिव कुमार डावर ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे किसी भी राष्ट्र की सबसे महत्वपूर्ण धरोहर एवं देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान एवं समान अवसर प्राप्त होना उसका अधिकार है। उन्होंने बाल अधिकारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बच्चों को न केवल अपने अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है, बल्कि उन्हें अपने कर्तव्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह कानून कठिन परिस्थितियों में रहने वाले तथा संरक्षण एवं देखरेख की आवश्यकता वाले बच्चों के हितों की रक्षा करने के लिए बनाया गया है। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों को समझाते हुए कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करने के लिए यह कानून महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। किसी भी प्रकार के शोषण, दुर्व्यवहार अथवा अनुचित व्यवहार की स्थिति में बच्चों को भयभीत या मौन रहने के बजाय अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
श्री डावर ने बच्चों को अच्छे एवं बुरे स्पर्श की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा आत्मसम्मान के महत्व के बारे में भी समझाया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल परिवार या विद्यालय की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, शिक्षा एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने तथा अपने जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक ने अपने उद्बोधन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका एवं आमजन, विशेषकर बच्चों के लिए उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अथवा सामाजिक परिस्थितियों के कारण कोई भी पात्र व्यक्ति न्याय प्राप्त करने से वंचित न रहे। उन्होंने निःशुल्क विधिक सहायता, विधिक परामर्श एवं कानूनी जागरूकता कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को साइबर अपराधों के प्रति सचेत करते हुए बताया कि वर्तमान समय में मोबाइल एवं इंटरनेट का उपयोग बढ़ने के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट तथा व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग जैसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपना ओटीपी, पासवर्ड एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की समझाइश दी। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी।
श्री माणिक ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए बताया कि संकट में फंसे, असुरक्षित अथवा सहायता की आवश्यकता वाले बच्चों के लिए यह महत्वपूर्ण सेवा है। साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में बताते हुए विद्यार्थियों को जरूरतमंद व्यक्तियों तक इस जानकारी को पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिलना चाहिए तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को जागरूक एवं संवेदनशील होना आवश्यक है।
श्री माणिक ने नालसा डॉन की नशा उन्मूलन संबंधी पहल के बारे में जानकारी देते हुए बच्चों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार एवं सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने, नशे से संबंधित किसी भी प्रकार के प्रलोभन से बचने तथा अपने परिवार एवं समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार, बाल श्रम की रोकथाम, बाल संरक्षण, किशोर न्याय अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, अच्छे एवं बुरे स्पर्श की पहचान, साइबर सुरक्षा, नालसा डॉन अंतर्गत नशे से होने वाली हानियां, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा निःशुल्क विधिक सहायता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। बच्चों को यह भी समझाया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, शोषण अथवा अनुचित व्यवहार की स्थिति में चुप न रहें, बल्कि तत्काल किसी विश्वसनीय व्यक्ति से सहायता प्राप्त करें।
कार्यक्रम में बाल दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों की सहभागिता को प्रोत्साहित करने हेतु विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों पर प्रश्नोत्तरी भी की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जिसमें बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए पुस्स्कृत किया गया। उक्त शिविर में स्कूल प्रभारी प्राचार्य श्री अरविंद रावल शिक्षक/शिक्षिकाऐं श्री प्रेमसिंह, श्री पारस गांधी, श्री सुनिल मावी, श्री अमित मावी, श्रीम नीष राजपूत, रमिला मेडा, शांति भाबर, बविता डावी एवं शीतल अनरे एवं लगभग 275 बच्चें उपस्थित रहें। शिविर में प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं के पेम्पलेट वितरित किये गये।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP
Jhabua, Madhya Pradesh | Nov 14, 2026