हर घर तिरंगा अभियान के तहत NPS तालबाड़ी में आयोजित हुईं विभिन्न गतिविधियां
बहादुरगंज, किशनगंज। हर घर तिरंगा अभियान के तहत नया प्राथमिक विद्यालय, तालबाड़ी में प्रधान शिक्षिका झुमी कुमारी के नेतृत्व में विद्यार्थियों के बीच विभिन्न देशभक्ति एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य बच्चों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व एवं उसके सम्मान के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही तिरंगा यात्रा, देशभक्ति गीत, नारे, चित्रकला एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
प्रधान शिक्षिका झुमी कुमारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करे और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में अपना योगदान दे।
विद्यालय में आयोजित गतिविधियों में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों और कार्यक्रमों के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
विद्यालय परिवार की ओर से सक्रिय भूमिका मे सहायक शिक्षक मजाहिर आलम, मुशर्रफ अनवर एवं शिक्षा सेवक राम लाल मुस्तैद दिखे ।