बड़ा भंगाल में गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति का सफल रेस्क्यू, प्रशासन के समन्वय से समय पर मिली चिकित्सा सहायता
https://ewn24.in/ #ewn24news #choiceofhimachal #himachal
उपमंडलाधिकारी बैजनाथ संकल्प गौतम ने बताया कि बड़ा भंगाल निवासी दुर्गा राम के पेट में तेज दर्द के कारण गंभीर रूप से बीमार होने की सूचना क्षेत्रीय प्रशासन के माध्यम से प्राप्त हुई। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा को दी। इसके उपरांत उपायुक्त कांगड़ा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उपायुक्त चंबा के साथ समन्वय स्थापित किया और मरीज को सुरक्षित निकालने के लिए आवश्यक कदम उठाए।
उन्होंने बताया कि पंकज महंत के नेतृत्व में 13 सदस्यीय माउंटेनियरिंग रेस्क्यू टीम को चंबा से बड़ा भंगाल भेजा गया। उन्होंने दुर्गम पर्वतीय मार्गों, प्रतिकूल मौसम तथा जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बीच टीम ने साहस, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए मरीज तक पहुंच बनाई। प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाने के बाद टीम ने मरीज को पैदल मार्ग से सुरक्षित रूप से घरौंडा तक पहुंचाया। इसके बाद मरीज को एंबुलेंस के माध्यम से चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
उन्होंने कहा कि यह रेस्क्यू अभियान प्रशासन की त्वरित निर्णय क्षमता, विभिन्न जिला प्रशासनों के बीच बेहतर समन्वय तथा रेस्क्यू टीम की कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण है। समय पर की गई कार्रवाई से मरीज को शीघ्र चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाना संभव हो सका।
एसडीएम ने रेस्क्यू अभियान में शामिल माउंटेनियरिंग टीम के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में भी टीम ने जिस साहस, समर्पण और टीम भावना का परिचय दिया, वह प्रशंसनीय है।
उन्होंने उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा तथा उपायुक्त चंबा द्वारा त्वरित मार्गदर्शन, सक्रिय सहयोग एवं प्रभावी समन्वय के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों एवं विभागों के सामूहिक प्रयासों से यह चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
रेस्क्यू टीम में भुवनेश्वर महंत, कमलेश ठाकुर, अभिषेक शर्मा, बलबीत, दीपक, आकाश, हरीश, कारण, विकास, दिलवर सिंह, राकेश तथा जयराम उपस्थित थे।
Kangra, Kangra | Sep 28, 2026