बड़ी खबर - बेनीपट्टी में भारतमाला फोरलाइन सड़क पर 10 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार
बेनीपट्टी। बेनीपट्टी थाना पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान भारतमाला फोरलाइन सड़क पर दो युवकों को ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। बेनीपट्टी थाना कि पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों को संदिग्ध गतिविधि के आधार पर रोककर तलाशी ली, जिसमें उनके पास से 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर थाने ले गई, जहां प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 8 बजे बेनीपट्टी थाना की गश्ती टीम बेनीपट्टी ब्लॉक के पास रोड को जोड़ने वाली भारतमाला परियोजना की निर्माणाधीन सड़क पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उच्चैठ की ओर से फोरलेन सड़क पर बाइक से आ रहे दो युवकों की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बाइक सवार युवकों को रुकने का इशारा किया और वाहन की जांच की।
जांच के दौरान युवकों के पास से कथित तौर पर 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के कटैया गांव निवासी अमरनाथ ठाकुर के पुत्र अखिलेश ठाकुर और राम नारायण मुखिया के पुत्र मनोज कुमार मुखिया के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में बेनीपट्टी थाना की एसआई प्रियंका कुमारी, अशोक कुमार सहित संध्या गश्ती दल में शामिल पुलिस बलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस संबंध में बेनीपट्टी थाना के इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष अनूप कुमार ने बताया कि शराब के साथ-साथ नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है। गिरफ्तार युवकों से विशेष पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर नशीले पदार्थ के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर उन्होंने कहां से, किससे और किसके लिए खरीदा था।