⬇️पिथौरागढ़ : नई बजेटी की ओर जाने वाली सड़क… सड़क के नाम पर कीचड़ की सौगात !⬇️
नगर के पाण्डेगांव, कुजौली, कॉलेज और बजेटी गांव क्षेत्र में लगातार गुलदार की आवाजाही के वीडियो और खबरें सामने आ रही हैं, वहीं नई बजेटी को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली यह कच्ची सड़क ( स्थानीय निवासियों के अनुसारिसे बने 10 वर्ष से अधिक हो चुके हैं ) बारिश में कीचड़ से लथपथ होकर राहगीरों और वाहन चालकों की परीक्षा ले रही है।
विडंबना यह है कि सड़क तो जैसे-तैसे थोप दी गई, लेकिन इस मार्ग पर पोल लाइटों की व्यवस्था करना शायद विकास के अगले चरण के लिए छोड़ दिया गया है—ऐसे में रात के समय राहगीरों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि सड़क की स्थिति सुधारने के साथ ही शीघ्र पोल लाइटों की व्यवस्था की जाए, ताकि बरसात में कीचड़ और अंधेरे के बीच लोगों को गुलदार से भी “आमना-सामना” न करना पड़े।