प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
06 अक्टूबर, 2026
शीर्षक: पूर्व विधान सभा अध्यक्ष स्व० त्रिपुरारि प्रसाद सिंह की 96वीं जयंती पर राजकीय समारोह आयोजित, प्रतिमा व समाधि स्थल पर अर्पित किए गए श्रद्धासुमन।
जमुई: प्रख्यात समाजवादी नेता एवं बिहार विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष स्व० त्रिपुरारि प्रसाद सिंह की 96वीं जयंती आज जमुई में राजकीय समारोह के रूप में श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर जमुई शहर स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर बिहार सरकार के प्रतिनिधि के तौर पर बिहार सरकार के परिवहन मंत्री श्री दामोदर रावत द्वारा माल्यार्पण किया गया तथा इसके उपरांत त्रिपुरारी घाट स्थित समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
कार्यक्रम में, जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मीडियाकर्मियों, स्व० त्रिपुरारि प्रसाद के परिवार के सदस्यों एवं जिले के गणमान्य नागरिकों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि अर्पित करने के उपरांत समाधि स्थल पर पर्यावरण संरक्षण और उनकी स्मृति को अक्षुण्ण रखने के उद्देश्य से परिवहन मंत्री, जिला पदाधिकारी एवं उपस्थित सभी संबंधित पदाधिकारियों तथा नागरिकों द्वारा पौधरोपण भी किया गया।
उल्लेखनीय है कि 06 अक्टूबर 1930 को जमुई के महिसौड़ी स्थित एक साधारण परिवार में जन्मे स्व० त्रिपुरारि प्रसाद सिंह ने वर्ष 1946 में कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी, 1959 में प्रजा सोशलिस्ट पार्टी तथा 1977 में जनता पार्टी से जुड़कर राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। वे वर्ष 1971 में कानून मंत्री रहे और जून 1977 से 1980 तक बिहार विधान सभा के अध्यक्ष पद को सुशोभित किया। 25 जनवरी 1988 को नई दिल्ली में उनका निधन हो गया था, किंतु उनके विचार, आदर्श
और समाज सेवा की भावना आज भी जनमानस में जीवित है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
General Administration Department, Govt. of Bihar
Home Department, Govt. of Bihar
#CMSamrat
#samratchoudhary
Jamui, Bihar | Oct 6, 2026