निवाड़ी में चल रही सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के दौरान आज कृष्ण जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कथा स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की लीला का जीवंत वर्णन हुआ, वहीं श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ जन्मोत्सव का आनंद लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे। जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया, पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो” के जयघोष से गूंज उठा। भागवत कथा का आयोजन 12 जनवरी से प्रारंभ होकर आगामी दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन कथा-प्रवचन का आयोजन किया जा रहा है। निवाड़ी शहर में आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक आस्था का अद्भुत संगम बन गया है।