जींद और रोहतक में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर सजे भव्य नगर कीर्तन, जत्थेदार करनैल सिंह निम्ननाबाद ने की विशेष शिरकत
गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, प्रेम, समानता और भाईचारे का देती हैं संदेश : जत्थेदार करनैल सिंह
TIME NEW: जींद /रोहतक।: श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की ओर से जींद और रोहतक में भव्य नगर कीर्तन सजाए गए। इन धार्मिक आयोजनों में संगत ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और गुरु महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा एवं आस्था प्रकट की। नगर कीर्तन में हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के एग्जीक्यूटिव मेंबर जत्थेदार करनैल सिंह निम्ननाबाद ने विशेष रूप से शिरकत की। इसके साथ ही प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर गुरु महाराज के समक्ष माथा टेका और संगत को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जत्थेदार करनैल सिंह निम्ननाबाद ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का संपूर्ण जीवन मानवता की सेवा, आपसी प्रेम, सद्भाव और समानता का संदेश देता है। उनकी शिक्षाएं आज भी पूरे विश्व को सही मार्ग दिखाने का काम कर रही हैं। गुरु नानक देव जी ने समाज को जात-पात, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर एक-दूसरे के साथ मिल-जुलकर रहने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की सबसे बड़ी सीख है कि ईश्वर एक है और सभी मनुष्य उसकी संतान हैं। हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए जरूरतमंदों की सहायता, गरीबों की सेवा और समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर कीर्तन केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गुरु साहिब की महान शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम भी है।
जत्थेदार करनैल सिंह ने हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की ओर से आयोजित इन धार्मिक कार्यक्रमों के लिए प्रबंधक कमेटियों, सेवादारों और संगत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु घर की सेवा और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाना हम सभी का सौभाग्य है। उन्होंने सभी से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने और समाज में प्रेम, शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की
Safidon, Jind | Nov 23, 2026