अररिया में शगुन ज्वेलर्स चोरीकांड का पुलिस ने किया सफल उद्भेदन, अंतरराज्यीय गिरोह के दो शातिर गिरफ्तार
5 किलो 330 ग्राम चांदी के आभूषण व बर्तन बरामद, सोने जैसे दिखने वाले आभूषण, दो मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी जब्त। दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा के रहने वाले।
अररिया। नगर थाना क्षेत्र के शगुन ज्वेलर्स दुकान में हुई चोरी की घटना का अररिया पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक थाना क्षेत्र निवासी उज्ज्वल मंडल (करीब 39 वर्ष) और मोथाबाड़ी थाना क्षेत्र निवासी अफसर खान (करीब 54 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने शगुन ज्वेलर्स दुकान के शटर को गैस कटर से काटकर दुकान में प्रवेश किया था। इसके बाद दुकान में रखे चांदी के आभूषण, बर्तन एवं अन्य सामान की चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में अररिया नगर थाना में कांड संख्या 568/2026, दिनांक 19 नवंबर 2026 को धारा 334(1)/303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ अररिया के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन, तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर लगातार छापेमारी की। इसी क्रम में पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद?
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सामान में से 5 किलो 330 ग्राम चांदी के आभूषण एवं अन्य सामग्री बरामद की। इसके अलावा सोने जैसे दिखने वाले मंगलसूत्र, लॉकेट, कंगन, चूड़ी और शंखपोला चूड़ियां भी बरामद की गईं।
पुलिस ने दो मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नंबर WB65E-3367) को भी जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. उज्ज्वल मंडल, उम्र करीब 39 वर्ष, पिता नागेन मंडल, निवासी राजनगर थाना कलियाचक, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल।
2. अफसर खान, उम्र करीब 54 वर्ष, पिता स्वर्गीय कुतुबुद्दीन खान, निवासी बबला बाजार, थाना मोथाबाड़ी, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के निशानदेही पर चोरी के अन्य सामान की बरामदगी और गिरोह के शेष सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ अररिया सुशील कुमार, नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक सहित अररिया थाना पुलिस, डीआईयू टीम और एसटीएफ पूर्णिया की टीम शामिल रही।
अररिया पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
#ArariaPolice #ArariaNews #ShagunJewellers #JewelleryShopRobbery #ArariaCrimeNews #BiharPolice #CrimeNews #MaldaGang #WestBengal #PoliceAction #अपराध #अररिया #अररिया_पुलिस #शगुन_ज्वेलर्स #चोरीकांड #अंतरराज्यीय_गिरोह #बिहार_पुलिस #पुलिस_की_बड़ी_कार्रवाई
Araria, Araria | Nov 24, 2026