बागपत के छपरौली के यमुना रोड पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन मकान की ऊपरी मंजिल का लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त काम कर रहे तीन मजदूर मलबे के नीचे दब गए। इनमें से दो मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुँचाया।
मुजफ्फरनगर के रहने वाले थे मृतक
पुलिस के अनुसार, यमुना रोड पर परवेज नाम के व्यक्ति के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। गुरुवार को मजदूर ऊपरी मंजिल पर लेंटर का काम कर रहे थे, तभी अचानक पूरा लेंटर ढह गया।हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान रघ्घु (पुत्र स्वर्गीय सुखबीर) और रवि (पुत्र पालेराम) के रूप में हुई है। दोनों चरथावल (जनपद मुजफ्फरनगर) के निवासी थे।
एक मजदूर मेरठ रेफर, जांच में जुटी पुलिस
हादसे में तीसरा मजदूर कल्लू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर किया गया है।
घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि लेंटर गिरने के कारणों की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Baghpat, Bagpat | Jul 30, 2026