लखपति बन रही हैं प्रदेश की बहनें, महिला सशक्तिकरण के संकल्प को सरकार ने दी नई गति : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के साथ आगर में विकास का नया अध्याय, 254 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
आगर में लाड़ली बहना योजना के तहत 1.25 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में 1835 करोड़ से अधिक की राशि मुख्यमंत्री डॉ यादव ने की अंतरित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से किया राशि का अंतरण,
आगर-मालवा, 13 सितंबर/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को आगर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में 1835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर कन्या पूजन कर बालिकाओं का सम्मान किया और उन्हें उपहार भेंट किए।
राशि अंतरण से पूर्व लाड़ली बहनों का पुष्पवर्षा कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। बहनों ने भी करतल ध्वनि एवं बड़ी राखी भेंट कर तथा तख्तियों पर आभार लिख कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आत्मीय अभिनंदन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। आज देश की बहनें केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनकर उद्योगपति और उद्यमी बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। नमो ड्रोन दीदी योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर महिलाएं नई तकनीक से जुड़ रही हैं और आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की बहनों की तरक्की और उनके सपनों को पूरा करने के लिए सरकार के पास पर्याप्त संसाधन हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नारी शक्ति केवल नारों से नहीं, बल्कि मन में लिए गए संकल्प और उसे पूरा करने के प्रयासों से मजबूत होती है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश की प्रत्येक बहन आत्मनिर्भर बने और परिवार एवं समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
आगर के विकास को मिल रही नई गति
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आगर-मालवा जिले का निरंतर विकास किया जा रहा है। आगर को महानगरों की तर्ज पर विकसित करने के लिए अधोसंरचना एवं नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जिस जिले को जिस प्रकार की आवश्यकता होगी, उसकी पूर्ति के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी और प्रदेश का समग्र विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री डॉ यादव द्वारा रिमोट के माध्यम से आगर जिले के विकास के लिए 225.95 करोड़ रुपये लागत के 33 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं 28.14 करोड़ रुपये लागत के 17 निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। इस प्रकार जिले को 254 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली।
मुख्यमंत्री ने आगर में विधि महाविद्यालय बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि आगर को प्रदेश में सबसे पहले विधि महाविद्यालय की सौगात मिली है। उन्होंने बैजनाथ धाम के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बैजनाथ धाम में लगभग 18 करोड़ रुपये के कार्य किए जा रहे हैं। आवश्यकता के अनुसार इसके विकास के लिए और धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
सिंहस्थ-2028 के लिए बेहतर कनेक्टिविटी पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में परिवहन एवं सड़क अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। राजस्थान से आगर होते हुए उज्जैन तक फोरलेन कनेक्टिविटी विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इससे आवागमन सुगम होगा और सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सुगम परिवहन व्यवस्था के लिए प्रदेश में बड़ी संख्या में बसों के संचालन की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।
हर खेत तक पानी पहुंचाने का संकल्प
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों के हित में सरकार लगातार कार्य कर रही है। प्रत्येक खेत तक पानी पहुंचाने के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। किसानों की आवश्यकताओं और उनकी आय बढ़ाने के लिए सरकार किसानों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नई तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मध्यप्रदेश में भी जनकल्याण और विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को डकैतों के आतंक से मुक्त करने के साथ ही बालाघाट में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है। सरकार प्रदेश में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा, संकल्प और जनकल्याण की भावना के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और मध्यप्रदेश आत्मनिर्भर एवं विकसित प्रदेश की दिशा में तेजी से आगे बढ़े। सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर 17 सितंबर को सभी अपने घरों में दिये जलाये।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण जिला अध्यक्ष श्री ओम मालवीय ने दिया। प्रभारी मंत्री श्री नागर सिंह चौहान, सांसद डॉ. महेन्द्र सिंह सोलंकी तथा आगर विधायक श्री मधु गेहलोत ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मुन्नाबाई चौहान, संभागायुक्त श्री आशीष सिंह, एडीजी श्री राकेश गुप्ता, कलेक्टर श्री शेर सिंह मीना सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित रहीं
कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने विकास को प्रदर्शित करती हुई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया एवं विभिन्न विभागों के लाभार्थी हितग्राहियों को हित लाभ का वितरण भी किया मंच पर हितलाभ प्राप्त करने पहुंची बालिका को दुलार भी किया । लाडली लक्ष्मी योजना की हितग्राही बालिकाओं को झूला झुलाया और मिठाई खिलाकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की ।
Umaria, Madhya Pradesh | Sep 14, 2026