शांतिपूर्ण ढंग से करेंगे प्रदर्शन, नहीं पहुंचाएंगे सफाई कार्य में बाधा
निगम आयुक्त के साथ हुई बैठक में नगर पालिका कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने दिया आश्वासन
बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर निगम प्रशासन ने की बातचीत, शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान
यमुनानगर। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद व अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने मंगलवार को नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर कर्मचारियों की मांगों और प्रदर्शन को लेकर विस्तार से बातचीत की। बैठक में निगम प्रशासन ने कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों से शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने व शहर में सफाई व्यवस्था को प्रभावित नहीं करने की अपील की। बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा, नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य महासचिव मांगेराम तिगरा, शाखा प्रधान पपला, अग्निशमन राज्य महासचिव गुलशन भारद्वाज सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के पदाधिकारियों ने निगम प्रशासन को आश्वासन दिया कि वे शांतिपूर्ण ढंग से अपना प्रदर्शन करेंगे और सफाई कार्य में किसी प्रकार की बाधा नहीं पहुंचाएंगे।
निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों को बताया कि स्थानीय स्तर से संबंधित कर्मचारियों की मांगों को निगम प्रशासन द्वारा पूरा किया जा चुका है। वहीं, प्रदेश स्तर की मांगों को लेकर सरकार के स्तर पर बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को लेकर प्रशासन गंभीर है तथा जो विषय स्थानीय स्तर पर निगम के अधिकार क्षेत्र में हैं, उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। निगम आयुक्त ने कहा कि प्रदर्शन करना कर्मचारियों का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन इसके कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखें और सफाई कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न करें। शहर की स्वच्छता और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना निगम की प्राथमिकता है। बैठक के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने व सफाई कार्य में बाधा न पहुंचाने का आश्वासन दिया।
फोटो - निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के साथ बैठक करते नगर पालिका कर्मचारी संघ के पदाधिकारी।